
- Home
- /
- राज्य
- /
- अन्य राज्य:
- /
- भारतीय विज्ञान...
भारतीय विज्ञान कांग्रेस के दूसरे दिन आज बेंगलुरू में बाल विज्ञान कांग्रेस शुरू होगी।

बेंगलुरू: भारतीय विज्ञान कांग्रेस के दूसरे दिन आज बेंगलुरू में बाल विज्ञान कांग्रेस शुरू होगी। राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर सी एन आर राव और नोबल पुरस्कार विजेता इज़राइल के अडा योनथ इसका उद्घाटन करेंगे।
चिंतामणि नागेश रामचंद्र राव जिन्हें सी एन आर राव के नाम से भी जाना जाता है, एक भारतीय रसायनज्ञ हैं जिन्होंने घन-अवस्था और संरचनात्मक रसायन शास्त्र के क्षेत्र में मुख्य रूप से काम किया है। वर्तमान में वह भारत के प्रधानमंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के प्रमुख के रूप में सेवा कर रहे हैं। डॉ. राव को दुनिया भर के 60 विश्वविद्यालयों से मानद डॉक्टरेट प्राप्त है। उन्होंने लगभग 1500 शोध पत्र और 45 वैज्ञानिक पुस्तकें लिखी हैं।
वर्ष 2013 में भारत सरकार ने उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया। सी वी रमण और ए पी जे अब्दुल कलाम के बाद इस पुरस्कार से सम्मानित किये जाने वाले वे तीसरे ऐसे वैज्ञानिक हैं।
भारतीय विज्ञान कांग्रेस के जनरल प्रेजिडेंट प्रोफेसर के एस रंगप्पा ने यहां संवाददाताओं से कहा,”मैक्स प्लैंक इंस्टिट्यूट जर्मनी के नोबेल पुरस्कार विजेता स्टीफन हेल और वेइज़मैन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस इज़राइल के संरचनात्मक जीव विज्ञान के विशेषज्ञ ऐडा ई योनथ भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। नानयांग प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सुब्र सुरेश और प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ सी एन मंजूनाथ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।” ‘साइंस एंड टेक्नोलॉजी फॉर रूरल डेवलपमेंट’ विषय वाली इस पांच-दिवसीय कांग्रेस में 15,000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
भारतीय विज्ञान कांग्रेस का आयोजन बेंगलुरु में कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय में किया जाएगा। कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एस राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि वह 15,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद कर रहे हैं। इनमें कई वैज्ञानिक, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, नीति निर्माता, अनुसंधानकर्ता और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें किसानों द्वारा लाए गए नवीन आविष्कारों पर चर्चा की जाएगी। प्रसाद ने कहा, “देश में किसान अपने काम के विशेषज्ञ बन गए हैं। हम इन सभी किसानों को एक मंच पर लाना चाहते थे जिससे उनके नवीन विचारों पर चर्चा की जा सके।” भारत रत्न प्राप्त प्रोफेसर सी एन आर राव बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन करेंगे और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ टेसी थॉमस महिला विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन करेंगी। डॉ थॉमस डीआरडीओ में एयरोनॉटिकल सिस्टम महानिदेशक और अग्नि- चार मिसाइल परियोजना की पूर्व निर्देशक हैं।
भारतीय विज्ञान कांग्रेस के दूसरे दिन आज आज बेंगलुरू में बाल विज्ञान कांग्रेस शुरू होगी। राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर सी एन आर राव और नोबल पुरस्कार विजेता इज़राइल के अडा योनथ इसका उद्घाटन करेंगे। pic.twitter.com/bWItt4j2jt
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) January 4, 2020
