
- Home
- /
- Boys Locker Room पर...
Boys Locker Room पर बॉलीवुड का फूटा गुस्सा, स्वरा भास्कर और सोनम कपूर ने दी ऐसी प्रतिक्रिया।

इन दिनों कोरोना वायरस से ज्यादा चर्चा में एक मुद्दा और है। वो मुद्दा है ‘बॉयज लॉकर रूम’। दिल्ली में हुई इस घटना से हर कोई हैरान है। दरअसल हाल ही में सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर बॉयज लॉकर रूम नाम के एक ग्रुप की कुछ चैट वायरल हुई हैं। जिसमें स्कूल के बच्चे कुछ स्कूल की ही लड़कियों की तसवीरें एडिट कर शेयर कर रहे थे। ये चैट्स वायरल होते ही सोशल मीडिया पर फैल गईं। अब इसे लेकर बॉलीवुड की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है।
सोनम कपूर
इस मामले को लेकर बॉलीवुड से लगातार प्रतिक्रिया आ रही है। मामले को लेकर अभिनेत्री सोनम कपूर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी के जरिए लिखा, ‘ये मामला पेरेंट्स के द्वारा की गई अनदेखी का नतीजा है। इसके लिए पेरेंट्स को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए कि उन्होंने अपने बेटों को महिलाओं और इंसानों की इज्जत करना नहीं सिखाया। और इन लड़कों को तो खुद पर शर्म आनी चाहिए।’

स्वरा भास्कर
तो वहीं देश से जुड़े हर मुद्दे पर अपनी बेबाकी से राय रखने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी इस मामले को लेकर ट्वीट किया है। स्वरा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘#boyslockerroom जहरीली मर्दानगी की ओर बढ़ते युवाओं की कहानी बयां करती है। कम उम्र के लड़के नाबालिग लड़कियों से बलात्कार और गैंगरेप करने की योजना बना रहे हैं। उनके माता-पिता और शिक्षक चाहते हैं कि उन्हें बच्चा कहा जाए। बलात्कारियों को फांसी देना ही काफी नहीं है, इस बलात्कारी सोच को भी बदलना होगा।’

सिद्धांत चतुर्वेदी
वहीं ‘गली बॉय’ फेम एक्टर सिद्धांत चतुर्वेदी ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक तस्वीर साझा की है। जिसके जरिए उन्होंने बॉयज लॉकर रूम को समाज के लिए एक वायरस बताया है।

रिचा चड्ढा
अभिनेत्री रिचा चड्ढा ने इसे एक बड़ी समस्या बताया है। रिचा ने ट्वीट कर लिखा, ‘यह एक बहुत बड़ी समस्या है, क्योंकि हमारे आबादी/नैतिकतावादी देश में यौन शिक्षा के बारे में अभी भी हर कोई व्यंग्य करता दिखता है। लेकिन खुलकर बात करता नहीं नजर आता। इससे किशोरों में यौन शिक्षा का अभाव है वह कन्फ्यूज हैं। इससे उनमें भ्रम पैदा होता है। अब तो डेटा भी फ्री है। यह कितना खतरनाक है। आने वाले पांच सालों में ये और बढ़ेगा।’
